औद्योगिक क्रांति का अर्थ उत्पादन प्रणाली में हुए उन आधारभूत परिवर्तनों से है। जिसके फलस्वरुप जनसाधारण को अपने परंपरागत कृषि, व्यवसाय और घरेलू उद्योग-धंधों को छोड़कर नए प्रकार के उद्योगों में काम करने तथा यातायात के नवीन साधनों के प्रयोग का अवसर मिला।
यह क्रांति सर्वप्रथम इंग्लैंड में 18वीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में हुई। उद्योगों में मानव श्रम का स्थान मशीनों ने ले लिया। औद्योगिक क्रांति में न तो राजसत्ता का परिवर्तन हुआ और न ही रक्तपात। यह क्रांति किसी निश्चित अवधि या तिथि को नहीं हुई, बल्कि इसका निरंतर विकास होता रहा।