राष्ट्रीय उत्पाद(National Product): किसी देश में एक लेखावर्ष के अंदर जिन वस्तुओं एवं सेवाओं का उत्पादन तथा विनिमय होता है, उनके बाजार मूल्यों को हम कुल राष्ट्रीय उत्पाद (GNP) कहते हैं।
यहाँ यह ध्यान रखना चाहिए कि कुल राष्ट्रीय उत्पाद में केवल वे ही वस्तुएँ सम्मिलित हैं, जो उपभोक्ताओं द्वारा प्रत्यक्ष अथवा अंतिम रूप में उपभोग की जाती हैं।
उदाहरण के लिए, कपड़ा अंतिम वस्तु है जिसका उपभोग के लिए प्रत्यक्ष रूप से प्रयोग किया जाता है, किंतु कपास या सूत अंतिम वस्तु नहीं है।
इस प्रकार, कुल राष्ट्रीय उत्पाद की जानकारी प्राप्त करने के लिए वस्तुओं और सेवाओं की गणना केवल एक ही बार होनी चाहिए।
दूसरी ध्यान देने की बात यह है कि कुल राष्ट्रीय उत्पाद में केवल चालू वर्ष में उत्पादित वस्तुओं और सेवाओं का मूल्य ही शामिल रहता है।