भारतीय नगरों की समस्याओं में अपशिष्टों का निपटान बहुत महत्त्वपूर्ण है। इसके कई कारण हैं, जिनमें निम्नलिखित महत्त्वपूर्ण हैं—
- मानव मल के सुरक्षित निपटान के लिए सीवर या अन्य माध्यमों की कमी है।
- कूड़ा-कचरा संग्रहण की सेवाओं की व्यवस्था अपर्याप्त है। ठोस अपशिष्ट के संग्रहण में असमर्थता एक गंभीर समस्या है। सड़कों, घरों के बीच की खाली भूमि और बेकार भूमि पर इसके ढेर लग जाते हैं। ऐसे ढेर स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।
- औद्योगिक अपशिष्टों को नदियों में बहाया जाना भी प्रदूषण का मुख्य कारण हैं। नगर आधारित उद्योगों और अनुपचरित मल जल से उत्पन्न प्रदूषण नगरों में स्वास्थ्य की गंभीर समस्याएँ पैदा करता है।
यों तो ठोस अपशिष्टों के निपटान में सरकारी और गैर-सरकारी दोनों संस्थाएँ कार्य कर रहीं हैं, लेकिन यह समस्या अभी तक सुलझ नहीं पायी है।
इन अपशिष्टों को संसाधन मानकर इनसे ऊर्जा और खाद का उत्पादन किया जा सकता है।