सेमिनार (Seminars)- विद्यालय में विभिन्न सेमिनारों का आयोजन करके भी पर्यावरण शिक्षा का प्रसार किया जा सकता है। सेमिनार में पर्यावरण शिक्षा से जुड़े मुद्दे पर विभिन्न क्षेत्रों के विद्वानों को आमन्त्रित किया जाता है जो पर्यावरण विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हैं। वस्तुतः पाठ्यक्रम में उन सभी बातों का समावेश कर पाना बड़ा कठिन हो जाता है, किन्तु सेमिनारों के आयोजन से विद्यार्थियों को पर्यावरण शिक्षा के बारे में बड़ी बहुमूल्य जानकारी प्राप्त होती है।
पर्यावरण शिक्षा से सम्बन्धित सेमिनारों में विद्यालय कृषि विभाग, भू-संरक्षण विभाग, वन विभाग आदि से भी सहयोग प्राप्त कर सकता है। इस तरह के सेमिनारों के आयोजन से जहाँ एक ओर विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि जागृत होती है तो दूसरी ओर वे पर्यावरण को वैज्ञानिक ढंग से समझने के योग्य हो जाते हैं। वस्तुतः सेमिनार पर्यावरण शिक्षा के प्रति रुचि एवं जागरूकता उत्पन्न करने के असरदायक उपागम है।